जबलपुर: यात्रियों को परोसे जा रहे खान-पान की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की पड़ताल के लिए जबलपुर स्टेशन पर पैंट्रीकारों की सघन जांच की गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता, मुख्य वाणिज्य प्रबंधक/यात्री सेवा देवेश सोनी और सहायक वाणिज्य प्रबंधक गुन्नार सिंह के नेतृत्व में हुए फोर्ट्रेस चेक में 12 पैंट्रीकारों की जांच की गई। इनमें से तीन में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित संचालकों पर कुल 60 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
वहीं खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए पके भोजन के दो नमूने लिए गए, जिनमें एक बिरयानी और एक सब्जी शामिल है। जांच के दौरान बिना वैध पहचान पत्र के काम कर रहे 13 वेंडर भी पकड़े गए। इनसे नियमानुसार 13 हजार 890 रुपए शुल्क वसूला गया। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित दरों पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए पैंट्रीकार एवं खान-पान सेवाओं की जांच लगातार जारी रहेगी और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
