चंडीगढ़, (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री विंडो, जन संवाद, एसएमजीटी और समाधान शिविरों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निपटान की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में मुख्यमंत्री विंडो पर 2.83 लाख शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2.34 लाख का समाधान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने शेष शिकायतों का भी जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए।
सोशल मीडिया शिकायत ट्रैकर के माध्यम से प्राप्त 1,05,761 शिकायतों में से 83,550 का समाधान हो चुका है, जबकि 33,783 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों का शिकायत निपटान स्कोर 70 से अधिक होना चाहिए। उन्होंने झूठी शिकायतें दर्ज कर मुख्यमंत्री विंडो का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने जन संवाद से जुड़े एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों में अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को कहा।
पारिवारिक पहचान पत्र में सुधार से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए आय संबंधी मामलों को छोड़कर अतिरिक्त उपायुक्तों को व्यापक अधिकार दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आय सत्यापन ग्राम सभा की बैठकों में ग्रामीणों की मौजूदगी में कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने उपायुक्तों को शिकायतों पर नियमित कार्रवाई कर साप्ताहिक समीक्षा करने और मुख्यालय को कार्रवाई रिपोर्ट भेजने को कहा। पेयजल, बिजली और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए गए।
