सीहोर। जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने बैंकवार, विभागवार एवं योजनावार प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत ऋण प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि ऋण प्रकरण बैंकों में अनावश्यक रूप से लंबित न रहें. पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि जिस उद्देश्य से शासन द्वारा ऋण योजनाएं संचालित की जा रही हैं, वह सार्थक हो और हितग्राही रोजगार, व्यवसाय एवं स्वरोजगार को आगे बढ़ा सकें.
कलेक्टर ने कहा कि ऋण प्रकरण लंबे समय तक लंबित रहने से हितग्राहियों को बैंक के चक्कर लगाने पड़ते हैं. इसलिए बैंक अधिकारी प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें. ऋण से संबंधित किसी भी प्रकार की औपचारिकता अथवा कमी होने पर बैंक और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से उसे शीघ्र पूरा कराएं. उन्होंने स्पष्ट किया हितग्राही को अनावश्यक परेशानी न हो और उसे ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें.
कलेक्टर ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बैंक और विभाग समन्वय के साथ कार्य करें तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाएं. उन्होंने ऋण वितरण के साथ-साथ प्रकरणों की स्वीकृति, लंबित मामलों के निराकरण तथा हितग्राहियों को उपलब्ध कराए जा रहे लाभ की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहायोजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र व्यक्ति को समय पर आर्थिक सहायता मिले और वह अपने रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ा सके.
