एयर इंडिया ने उड़ान के दौरान मनोरंजन के लिए तैयार किया नया डिजिटल प्लेटफॉर्म

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने उड़ान के दौरान मनोरंजन के लिए नया डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया है जिसकी उसने मंगलवार को पहली झलक दिखाई।
इस प्लेटफॉर्म को ‘विस्टा डिजिटल प्लेटफॉर्म’ नाम दिया गया है। इसे एयरलाइंस की खुद की डिजाइन और सॉफ्टवेयर टीमों ने तैयार किया है। इस प्लेटफॉर्म में कई नवाचार किए गए हैं जिनके पेटेंट के लिए आवेदन किए गए हैं। शुरुआत में इसे कुछ नये विमानों में जोड़ा जाएगा। धीरे-धीरे पूरे बेड़े में इसका विस्तार किया जाएगा। एयरलाइंस की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि ‘विस्टा डिजिटल प्लेटफॉर्म’ को यात्रियों को ज्यादा पर्सनलाइज्ड और कनेक्टेड अनुभव देने के लिए डिजाइन किया गया है।

एयर इंडिया के मुख्य डिजिटल एवं प्रौद्योगिकी अधिकारी सत्य रामास्वामी ने कहा कि एयर इंडिया दुनिया की उन चुनिंदा विमान सेवा कंपनियों में से है जिसने खुद का एक कनेक्टेड सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म बनाया है। यह यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाता है। उन्होंने बताया कि इसे 2027 की दूसरी छमाही से धीरे-धीरे विमानों में उपलब्ध कराया जाएगा।

‘विस्टा डिजिटल प्लेटफॉर्म’ को कई तरह के विमानों में एक जैसा और आसानी से समझ में आने वाला यूजर अनुभव देने के लिए डिजाइन किया गया है। इससे विमान कोई भी हो, नेविगेशन आसान और जाना-पहचाना लगता है। यह प्लेटफॉर्म ओवर-द-एयर सॉफ्टवेयर और कंटेंट अपडेट को भी सपोर्ट करेगा, जिससे नए फीचर और सुधार अधिक बेहतर तरीके से उपलब्ध होंगे।

यह प्लेटफॉर्म एयर इंडिया के मोबाइल ऐप, वेबसाइट और बैकएंड डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ आसानी से काम करेगा। भविष्य में यात्री सामने लगी स्क्रीन से सीधे लॉयल्टी सेवा, यात्रा की जानकारी और बुकिंग से जुड़े कुछ फीचर का इस्तेमाल कर सकेंगे।

किसी यात्री ने पिछली उड़ान में कंटेंट को जहां छोड़ा था, अगली फ्लाइट में वहीं से शुरू कर सकते हैं। “कॉमर्स-ऑन-मैप” क्षमता यात्रियों को उन गंतव्यों से जुड़े अनुभव और यात्रा सेवा खोजने और बुक करने में मदद कर सकती है जिनके ऊपर से वे उड़ रहे हैं या जहां जाने की योजना बना रहे हैं।

.....

Next Post

दबंगों की मारपीट, बदनामी से क्षुब्ध होकर युवक ने की थी खुदकुशी, दो पर एफआईआर दर्ज

Tue Sep 22 , 2026
जबलपुर: शहपुरा अंतर्गत फुलर में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले की मर्ग जांच में खुलासा हुआ है कि युवक ने गांव के ही दो दबंगों द्वारा की गई मारपीट और उससे हुई सामाजिक बदनामी से आहत होकर यह आत्मघाती कदम उठाया था। पुलिस ने दोनों […]

You May Like