इंदौर: जर्मनी से इंदौर घूमने आए एक विदेशी मेहमान ने शहर की मेहमाननवाजी के साथ यहां चल रहे नो कार डे अभियान की भी तारीफ की. पलासिया चौराहे पर यातायात पुलिस के जागरूकता अभियान के दौरान जब वह टीम के संपर्क में आए तो बोले “इंदौर अमेजिंग सिटी है.” उन्होंने कहा कि नो कार डे जैसे अभियान को लोगों को समर्थन देना चाहिए. यातायात पुलिस की टीम मंगलवार को वाहन चालकों को निजी कार का इस्तेमाल कम करने और वैकल्पिक साधनों को अपनाने के लिए जागरूक कर रही थी.
इसी दौरान जर्मनी से आए पर्यटकों के समूह में शामिल एक मेहमान ने अभियान के बारे में जानकारी ली और इसे पर्यावरण के लिए उपयोगी बताया. उन्होंने कहा कि यदि लोग एक दिन निजी कार का इस्तेमाल कम करें तो ईंधन की खपत घट सकती है. साथ ही वाहनों से होने वाले प्रदूषण में भी कमी आएगी. उन्होंने शहर के लोगों से अभियान का हिस्सा बनने की अपील की. पलासिया चौराहे पर यातायात थाना प्रभारी अरविंद दांगी, यातायात निरीक्षक राधा यादव सहित टीम ने वाहन चालकों को जागरूक किया.
