खो-खो प्रतियोगिता में बच्चों की सुरक्षा से समझौता

सिंगरौली:चितरंगी क्षेत्र के बगैया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं को खो-खो प्रतियोगिता में शामिल कराने के लिए मालवाहक पिकअप वाहन से ले जाने का मामला सामने आया है। पिकअप में बच्चों को बैठाकर ले जाने का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की व्यवस्था और विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए छात्रों को सुरक्षित यात्री वाहन के बजाय मालवाहक पिकअप से ले जाया गया। यदि वीडियो में दिखाई दे रही स्थिति सही है तो यह बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला माना जा सकता है। वाहन की क्षमता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी से रास्ते में किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
मामला सामने आने के बाद अभिभावकों में भी नाराजगी है। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
इधर मामला जिला शिक्षा अधिकारी के संज्ञान में पहुंच चुका है। विभाग की ओर से विद्यालय के प्राचार्य से जवाब मांगा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जवाब मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
अब सवाल यह है कि प्रतियोगिता में बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जल्दबाजी में उनकी सुरक्षा व्यवस्था को आखिर कैसे नजरअंदाज किया गया।

Next Post

पीपल के पेड़ में हनुमान जी की हूबहू आकृति देख,दर्शनार्थियों का लगा ताता

Tue Sep 22 , 2026
पांढुरना:ग्राम सिराठा में निर्माणाधीन मां दुर्गा मंदिर के परिसर में एक पीपल के पेड में बीते रात्रि भगवान हनुमान जी जैसी आकृति दिखाई देंने की खबर जंगल में आग की तरह फैलते ही इसे देखने ग्राम सहित आसपास के ग्रामीणों का जनसैलाब उमड़ पड़ा,वहीं देर रात तक लोग इस पेड़ […]

You May Like