इंदौर: शहर में नशे के नेटवर्क पर प्रहार के तहत क्राइम ब्रांच ने एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. वीआईपी रोड स्थित गुटकेश्वर महादेव मंदिर के पास पकड़े गए आरोपी से 12.40 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त हुई है. पकड़ा गया युवक पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है. आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह अधिक पैसा कमाने के लिए इस अवैध कारोबार में उतरा था.
एडीसीपी क्राईम राजेश दंडोतिया ने बताया कि नगरीय इंदौर पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है. इसी कार्रवाई के दौरान क्राइम ब्रांच टीम को सूचना मिली कि गुटकेश्वर महादेव मंदिर के पास वीआईपी रोड क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक घूम रहा है. पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को रोका तो वह घबरा गया था.
पूछताछ में उसने अपना नाम विकास उर्फ सरदार सौदे निवासी छत्रीपुरा, इंदौर बताया. उसकी तलाशी में 12.40 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 1.20 लाख रुपए बताई जा रही है. आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत कार्रवाई की जा रही है. आरोपी गाड़ी चलाने का काम करता है और दसवीं तक पढ़ा है.
उससे प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह सस्ते में मादक पदार्थ खरीदकर इंदौर शहर में बेचकर अवैध लाभ कमाने की कोशिश कर रहा था. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर शहर में पूर्व में दो अपराध दर्ज हैं. क्राइम ब्रांच अब इस ब्राउन शुगर सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य सूत्रों और सप्लायरों की जांच कर रही है. इंदौर में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा.
