भोपाल। पुलिस प्रशिक्षण शाला, भोपाल में प्रशिक्षणरत महिला नव आरक्षकों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए 19 एवं 20 सितंबर को दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर एलबीएस अस्पताल, भोपाल के सहयोग से आयोजित हुआ।
शिविर विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) के निर्देश तथा मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल के उपनिदेशक रामजी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक यास्मीन ज़हरा ने शिविर में उपस्थित होकर व्यवस्थाओं का मार्गदर्शन किया।
एलबीएस अस्पताल के नोडल अधिकारी हरविंदर सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वैशाली पाठक तथा जनरल फिजिशियन डॉ. हारून सिद्दीकी ने नव आरक्षकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान रक्तचाप, ब्लड शुगर, ब्लड प्रोफाइल सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें की गईं।
पहले दिन स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों वाली 104 नव आरक्षकों को प्राथमिकता देते हुए उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया, जबकि दूसरे दिन 170 नव आरक्षकों की जांच की गई। इस प्रकार दो दिनों में कुल 274 नव आरक्षकों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ।
चिकित्सकों ने प्रशिक्षणार्थियों को बचावात्मक स्वास्थ्य उपायों तथा शारीरिक फिटनेस बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक सलाह दी। पुलिस प्रशिक्षण अधिकारियों के अनुसार प्रभावी प्रशिक्षण के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जा रहा है।
