भोपाल। अशोका गार्डन स्थित पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर में दसलक्षण महापर्व धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। पर्व के तहत प्रातःकाल भगवान का अभिषेक, शांतिधारा एवं दसलक्षण पूजन किया गया। दोपहर में संगीतमय सामूहिक दसलक्षण विधान का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
संध्याकालीन बेला में महाआरती के बाद विदुषियों द्वारा प्रवचन दिए गए। उत्तम सत्य धर्म पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि सत्य बोलने और सत्य की राह पर चलने से आध्यात्मिक उन्नति होती है तथा मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है। झूठ बोलने से पापकर्म का बंध होता है, जबकि सत्य का आचरण मन को शांत रखता है और निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी से बचाता है।
इसके बाद धार्मिक तंबोला आयोजित किया गया तथा विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम में समाज अध्यक्ष सचेंद्र जैन ‘गुड्डू भैया’, महिला मंडल अध्यक्ष अमीता जैन सहित पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
