भोपाल। माय भारत भोपाल की ओर से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत राष्ट्रीय संकल्प समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना रहा. समारोह शासकीय नवीन महाविद्यालय की एमएसडब्ल्यू कक्षाओं, जन अभियान परिषद, रविशंकर कॉलेज ऑफ फार्मेसी, शासकीय यूथ हॉस्टल टीटी नगर, सीआरसी हॉकी स्टेडियम और मनोहर कंप्यूटर इंस्टीट्यूट बैरसिया सहित विभिन्न स्थानों पर हुआ. बड़ी संख्या में युवाओं ने इसमें भाग लिया. कार्यक्रम में संकल्प हस्ताक्षर, नारा लेखन और संकल्प चक्र जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं. इस दौरान प्रतिभागियों ने किसी भी तरह के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करने और परिवार, दोस्तों व परिचितों को भी नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने की सामूहिक शपथ ली. आयोजकों ने कहा कि नशामुक्त और जागरूक युवा स्वस्थ समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक नशामुक्त जीवन का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
