गुंडा और निगरानी बदमाशों में से
सुधरने वालों को मिलेगा रोजगार का मौका
छतरपुर: पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर छतरपुर पुलिस ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। शहर के कोतवाली, सिविल लाइन और ओरछा रोड क्षेत्र के एक सौ से अधिक गुंडा, निगरानी और हिस्ट्रीशीटर बदमाशों को पुलिस कंट्रोल रूम में सामूहिक रूप से बुलाकर कड़ी समझाइश दी गई।
एसपी अगम जैन ने की सीधी बातचीत
पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने सभी आरोपियों से एक-एक कर बातचीत की, उनके परिवार, आजीविका और सामाजिक स्थिति के बारे में जानकारी ली। लंबे समय से अपराध से दूर रहने वालों की फाइलें बंद करने के निर्देश भी मौके पर दिए गए।
जमानत पर छूटे आरोपियों को चेतावनी
एसपी ने स्पष्ट कहा कि जमानत पर बाहर चल रहे आरोपी जमानत की शर्तों का पालन करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सुधरने वालों को मिलेगा रोजगार का अवसर
पुलिस ने यह भी घोषणा की कि आने वाले दिनों में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। अपराध छोड़कर सही रास्ते पर चलने वालों को प्रशिक्षण के बाद रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
उल्लंघन करने वालों पर दोबारा होगी कार्रवाई
बाउंड ओवर की कार्यवाही की समीक्षा की गई और चेतावनी दी गई कि नियम तोड़ने वालों पर पुनः कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी:
एसडीएम छतरपुर अखिल राठौर,नगर पुलिस अधीक्षक, अरुण कुमार सोनी, डीएसपी अजाक, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अरविंद सिंह दांगी, थाना प्रभारी सिविल लाइन सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
