
भोपाल। राजधानी में ट्रैफिक एसीपी विजय दुबे के दानिश कुंज-2 स्थित घर में हुई चोरी के मामले में भोपाल पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक क्राइम ब्रांच और कोलार पुलिस की संयुक्त टीम ने राजस्थान से चार आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार एसीपी विजय दुबे के घर से करीब 20 तोला सोना और 15 लाख रुपए नकद चोरी हुए थे। घटना के समय एसीपी वीआईपी ड्यूटी में तैनात थे। चोरी के संबंध में कोलार थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।
सूत्रों का कहना है कि मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के राजस्थान में होने के सुराग मिले थे। इसके बाद क्राइम ब्रांच और कोलार पुलिस की टीम राजस्थान पहुंची और चार संदिग्धों को पकड़ा। बताया जा रहा है कि पुलिस चोरी के माल और वारदात में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
घटना के समय एसीपी विजय दुबे और कोलार थाना प्रभारी के राजस्थान में होने की जानकारी भी पुलिस जांच में सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी का सामान बरामद होने और पूरे घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
