
रीवा, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शासकीय मार्तंड स्कूल परिसर में पुरस्कृत किया. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक देश को विकसित और विश्वगुरु बनाने का संकल्प लिया है. इसका पूरा लाभ आज के युवाओं को मिलेगा. प्रधानमंत्री जी के अनवरत जन सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर सेवा संकल्प अभियान मनाया जा रहा है. प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से आज देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है. रीवा में भी पिछले 20 वर्षों में हाइवे, रेलवे, एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का विकास हुआ है. जेन-जी पीढ़ी शिक्षित होने के साथ संस्कारवान बने. अच्छी शिक्षा के साथ-साथ अच्छा संस्कार होना आवश्यक है. इसके लिए युवाओं की ब्रेन स्टार्मिंग जरूरी है. मेरे सपनों का भारत विषय पर आयोजित प्रतियोगिताएं युवाओं को जगाने के लिए ही है.
उप मुख्यमंत्री ने विजेताओं को प्रशस्ति प्रदान करते हुए कहा कि प्रतियोगिता का विजेता बनने के साथ-साथ उसमें भाग लेना भी महत्वपूर्ण है. प्रधानमंत्री जी ने अच्छे कार्यों से करोड़ों लोगों को प्रभावित किया है. स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण के प्रयास, आतंकवाद और नक्सलवाद के दमन, धारा 370 हटाने के साहसिक फैसले और हर घर में नल से साफ पानी पहुंचाने के लिए हजारों करोड़ की जल जीवन मिशन योजना जैसे कार्य देश के विकास को गति दे रहे हैं. विश्व में शांति तभी होगी जब उसका नेतृत्व वसुधैव कुटुम्बकम को मानने वाला भारत नेतृत्व करेगा. समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितम्बर से सेवा संकल्प अभियान शुरू हुआ है. अभियान के दौरान 2 से 10 अक्टूबर तक सेवा सप्ताह में शामिल 25 तरह की गतिविधियों से जुड़े कार्य किए जाएंगे.
समारोह में चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पीयूष द्विवेदी, दूसरा स्थान अंजली भारती, तीसरा स्थान अनिल कुशवाहा को प्राप्त हुआ. सांत्वना पुरस्कार पलक बघेल, जान्हवी चतुर्वेदी, श्रेया रावत, सुनैना प्रजापति, शिवानी कोल तथा प्रिया शुक्ला को दिया गया. भाषण प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार तृप्ति सिंह, दूसरा पुरस्कार आस्था मिश्रा तथा तीसरा पुरस्कारी दिव्यांशी मिश्रा को मिला. इसमें सांत्वना पुरस्कार कंचन प्रजापतिक, अनुराधा पाण्डेय तथा जयदेव चौरसिया को दिया गया. समारोह में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी राजेश मिश्रा, प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय आरके जैन, बीईओ एलआर दीपांकर, प्राचार्य ज्ञानोदय विद्यालय प्रभाकर तिवारी तथा प्रतिभागी उपस्थित रहे.
