
छतरपुर। छतरपुर-लवकुशनगर मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण चलने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। संजय नगर से हंसपुरा, चरण पादुका और सिंहपुर होकर वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है, जिससे लोगों को करीब 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे बचने के लिए दोपहिया और छोटे वाहन चालक डुमरा के आगे से दूसरे रास्ते का उपयोग कर रहे हैं।
इस वैकल्पिक मार्ग पर रेलवे के दो अंडरपास हैं। बारिश के बाद इनमें पानी और कीचड़ भर गया है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। डुमरा के पास बने पहले अंडरपास की ऊंचाई कम होने के कारण यहां से मुख्य रूप से दोपहिया और छोटे वाहन ही निकल पाते हैं।
हाल ही में इसी रास्ते से गुजर रही एक कार अंडरपास में पानी और कीचड़ के बीच फंस गई। काफी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने तक यह मार्ग छोटे वाहनों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने गड्ढे भरने, कीचड़ हटाने और अंडरपास से पानी निकालने की व्यवस्था कराने की मांग की है।
