सतना : जिले के उचेहरा क्षेत्र अंतर्गत खोह गांव के मझगवां गांव में एक मजदूर की करेंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई.प्राप्त जानकारी के अनुसार नरेंद्र कोल उम्र 35 वर्ष पेशे से एक खेतिहर मजदूर थे. इइसके साथ ही वे नगर निगम सतना के फायर अधिकारी आर पी सिंह परमार के फार्म हाउस में रखवाली का कार्य भी करते थे. बताया गया कि खोह गांव के मझगवां हार में कृषि कार्य करने के दौरान स्थित एक ट्रांसफार्म से उतरे करेंट की चपेट में नरेंद्र अचानक आ गए.
जिसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही आस पास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे. वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक द्वारा मृत घोषित किए जाने पर पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस के अनुसार विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही मौत का वास्तविक कारण सामने आ सकेगा. जिसके आधार पर आगे की विवेचना शुरु की जाएगी.
अनाथ हो गए बेटे और बेटियां
ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार खेतिहर मजदूर नरेंद्र की पत्नी का भी पिछले वर्ष असमय निधन हो गया था. जिसके चलते दो बेटों और दो बेटियों की जिम्मेदारी नरेंद्र द्वारा स्वयं ही संभाली जा रही थीं. वहीं अब नरेंद्र के काल के गाल में समा जाने के बाद चारों बच्चे अनाथ हो गए. जिसे देखते हुए ग्रामीणों द्वारा प्रशासन से बच्चों की उचित देखभाल की मांग की जा रही है.
