इंदौर: चंदन नगर थाना क्षेत्र में एक फर्नीचर कारीगर ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी. युवक पिता के साथ काम करने साइट पर गया था. वहां से गुटखा खाने की बात कहकर निकला और कुछ देर बाद घर पहुंच गया. हालत बिगड़ने पर परिजनों को जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी दी. अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
मृतक की पहचान गीता नगर निवासी जितेंद्र पिता पप्पू उम्र 39 साल के रूप में हुई है. जितेंद्र फर्नीचर बनाने का काम करता था और पिता के साथ ही साइटों पर जाता था. घटना वाले दिन भी दोनों साथ काम कर रहे थे. इसी दौरान जितेंद्र ने पिता से गुटखा खाने जाने की बात कही और वहां से चला गया. घर पहुंचने के कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उल्टियां होने लगीं. परिजनों ने कारण पूछा तो उसने जहरीला पदार्थ खाने की बात बताई. परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. जितेंद्र ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका कारण सामने नहीं आया है. चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया है. परिजनों के बयान लेने के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
