नयी दिल्ली, 20 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की सिविल लाइंस शाखा के करेंसी चेस्ट से नकली मुद्रा चलन में लाने की साजिश के मामले में दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एनआईए की रविवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार और राजेंद्र कुमार (दोनों सहारनपुर निवासी) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पूर्व में गिरफ्तार हुए मुख्य आरोपी आदेश चौधरी के करीबी सहयोगी हैं।
यह मामला 29 अगस्त 2026 का है, जब सहारनपुर के थाना सदर बाजार पुलिस को बैंक के करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये के अंकित मूल्य के जाली मुद्रा (करेंसी) बरामद होने की गुप्त सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में बैंक के तीन कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आने के बाद बैंक प्रशासन ने उन्हें निलंबित कर दिया था।
मामले में 29 अगस्त को थाना सदर बाजार में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसे बाद में तीन सितंबर 2026 को एनआईए ने अपने हाथ में लेते हुए पुन: दर्ज किया था। इससे पहले एनआईए ने 7 और 15 सितंबर को मामले के नामजद आरोपियों अमित कुमार और आदेश चौधरी को गिरफ्तार किया था। एजेंसी का कहना है कि पूरी साजिश का पर्दाफाश करने और अन्य संदिग्धों को पकड़ने के लिए जांच जारी है।
