लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गिरोह के दो शार्प शूटर गिरफ्तार

जयपुर 20 सितम्बर (वार्ता) राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने जोधपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गिरोह के दो कुख्यात और इनामी शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाशों पर पंजाब पुलिस की ओर से पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। यह दोनों बदमाश जोधपुर शहर में किसी बड़ी सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के इरादे से आए थे। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जसकरण सिंह उर्फ करण उर्फ सन्नी उर्फ कट्टा (23) निवासी हरसिंह रायनगर, फाजिल्का (पंजाब) और राजिन्दर उर्फ बिल्ला (23) निवासी बलुआना थाना सदर अबोहर, फाजिल्का (पंजाब) के रूप में की गई।

लॉरेंस बिश्नोई और आरजू बिश्नोई गिरोह से जुड़े बदमाशों द्वारा राजस्थान के व्यापारियों को धमकी दिए जाने के मामलों के मद्देनजर एजीटीएफ की टीमों ने गिरोह के शूटरों और राजस्थान से लगे हरियाणा-पंजाब क्षेत्र के ऐसे बदमाशों पर विशेष निगरानी शुरू की थी जो राजस्थान में वारदात कर वापस फरार हो जाते हैं।

गिरफ्तार जसकरण सिंह उर्फ करण और राजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गिरोह के शार्प शूटर हैं। पंजाब पुलिस को लंबे समय से दोनों की तलाश थी। दोनों अबोहर में कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा की हत्या तथा फाजिल्का में एक अन्य व्यक्ति साहिल सेन की रंजिशवश हत्या सहित कई मामलों में वांछित बताए गए हैं और पंजाब पुलिस ने दोनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस ने बताया कि नेपाल में बढ़ते दबाव के बाद दोनों बदमाश भारत लौटे और मध्यप्रदेश के रास्ते राजस्थान में प्रवेश की तैयारी में थे। कार्रवाई से करीब तीन दिन पहले दोनों के सिरोही में होने तथा वहां से जोधपुर की ओर बढ़ने का इनपुट एजीटीएफ को मिला। इसके बाद एजीटीएफ ने दोनों की संभावित गतिविधियों निगरानी रखी।

जोधपुर में किसी बड़े व्यापारी को निशाना बनाकर उसे धमकाने और करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने की आशंका के बीच एजीटीएफ की टीम लगातार सक्रिय रहते हुए दोनों आरोपियों के जोधपुर पहुंचने की पुष्टि होने पर दोनों शूटरों को दबोच लिया गया।

 

 

Next Post

शांति की शक्ति से ही विश्व में स्थापित होगी सच्ची शांति

Sun Sep 20 , 2026
जबलपुर: अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस पर प्रेमनगर स्थित शिव उपहार भवन में ब्रह्माकुमारीज द्वारा विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। माउंट आबू से पधारे वरिष्ठ राजयोगी ब्रह्माकुमार देवांग भाई एवं ब्रह्माकुमार परमेश्वर भाई का सानिध्य रहा। देवांग भाई ने कहा कि परिस्थितियां हमेशा अनुकूल हों, यह जरूरी नहीं, लेकिन राजयोग के […]

You May Like