
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में पेंशनभोगियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और लंबित अनुकम्पा नियुक्ति प्रकरणों को गति देने के लिए पेंशनर शिकायत निवारण एवं अनुकम्पा नियुक्ति शिविर आयोजित किए गए। पेंशनर शिविर में ऑल इंडिया रिटायर्ड मेन्स फेडरेशन के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पेंशन से जुड़ी 8 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पूर्व में मिली शिकायतों की प्रगति से भी प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। अनुकम्पा नियुक्ति शिविर में 16 प्रभावित परिवारों को आवश्यक दस्तावेज व प्रपत्र शीघ्र जमा करने की प्रक्रिया समझाते हुए प्रपत्र तैयार करने का मार्गदर्शन दिया गया। शिविर में अपर मंडल रेल प्रबंधक अभिराम खरे, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी विजय सिंह, सहायक कार्मिक अधिकारी रजनीश कुमार, वाई.बी. गुप्ता सहित ओबीसी एसोसिएशन के पदाधिकारी पप्पू यादव एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी कल्याण निरीक्षकों को प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। रेलवे के इस प्रयास से पेंशनरों की शिकायतों के साथ कर्मचारियों के परिवारों से जुड़े लंबित प्रकरणों के निपटारे को गति देने पर जोर दिया गया है।
