सिंगरौली। जिले में सीधी से भुईमाड़ आ रही कैलाश बस सर्विस की बस हादसे का शिकार हो गई। हादसा सरई थाना क्षेत्र के बंजारी-परासी और कारीमाटी के पास हुआ, जहां अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार एक व्यक्ति की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल मृतक की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है और यह भी पता नहीं चल पाया है कि वह कहां का रहने वाला था। हादसे की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। दुर्घटना में अन्य यात्रियों के हताहत होने की जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस मृतक की पहचान और हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
