दिल्ली हवाईअड्डे की तीसरी रनवे 20 सितंबर से फिर होगी चालू

नयी दिल्ली, 19 सितंबर (वार्ता) दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा लिमिटेड (डायल) ने शनिवार को घोषणा की कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे की तीसरी रनवे (11आर/29एल) को 20 सितंबर से फिर परिचालन में लाया जाएगा। डायल ने बताया कि रनवे के व्यापक पुनर्वास कार्यक्रम और सभी आवश्यक नियामकीय मंजूरियां मिलने के बाद इसे दोबारा परिचालन के लिए तैयार किया गया है। पुनर्वास परियोजना फरवरी 2026 में शुरू हुई थी, जिसमें परिचालन सुरक्षा, दक्षता, क्षमता और दीर्घकालिक मजबूती बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक काम किये गये। परियोजना के तहत रनवे की सतह का नवीनीकरण, रनवे 29एल के स्थायी थ्रेशोल्ड में बदलाव, नयी रैपिड एग्जिट टैक्सीवे (आरईटी जेड1) का निर्माण, हवाईअड्डे की ग्राउंड लाइटिंग प्रणाली का उन्नयन, रनवे की सतह को मजबूत करने के काम तथा संबंधित सिविल और विद्युत बुनियादी ढांचे में सुधार किये गये।

डायल के अनुसार, इन सुधारों से रनवे की कार्यक्षमता बढ़ाने, विमानों की आवाजाही को बेहतर ढंग से व्यवस्थित करने, रनवे पर विमानों के रहने का समय कम करने और अलग-अलग मौसम की परिस्थितियों में परिचालन की विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलेगी। परियोजना के दौरान डायल ने नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए), भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई), हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी), विमानन कंपनियों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम किया। सभी निर्धारित सुरक्षा, परिचालन और नियामकीय प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 20 सितंबर से रनवे पर परिचालन दोबारा शुरू करने की मंजूरी मिली है।

डायल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीप पाणिकर ने कहा कि रनवे 11आर/29एल को दोबारा चालू किया जाना दिल्ली हवाईअड्डे के भविष्य के लिए तैयार विमानन बुनियादी ढांचे के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि पुनर्वास कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा किया जाना सुरक्षा, परिचालन उत्कृष्टता और यात्रियों को बेहतर सेवा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि उन्नत रनवे के साथ नयी रैपिड एग्जिट टैक्सीवे तथा बेहतर नेविगेशन और लाइटिंग प्रणालियां दिल्ली हवाईअड्डे की क्षमता और मजबूती को और बढ़ाएंगी तथा देश में बढ़ती विमानन जरूरतों को पूरा करने में मदद करेंगी।

डायल ने कहा कि दोबारा चालू होने वाली रनवे दिल्ली हवाईअड्डे की परिचालन दक्षता और भविष्य में बढ़ने वाले हवाई यातायात को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा वैश्विक विमानन सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के मानकों के अनुरूप परिचालन सुनिश्चित करने में मदद करेगी। यह रनवे 2008 में शुरू की गयी थी और पिछले 17 वर्षों से लगातार परिचालन में थी। इस दौरान इसका नियमित रखरखाव किया गया तथा 2017 में इसका मामूली पुनर्वास भी किया गया था।

.....

Next Post

विधायक गौरव पारधी की उपस्थिति में कटंगी-लालबर्रा मार्ग का राजस्व विभाग ने किया चिन्हांकन

Sat Sep 19 , 2026
कटंगी, क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित कटंगी-लालबर्रा मार्ग के निर्माण कार्य को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शीघ्र ही इस महत्वपूर्ण मार्ग का भूमि पूजन किया जाना प्रस्तावित है। इसके पूर्व शनिवार को राजस्व विभाग द्वारा मार्ग का चिन्हांकन किया गया। इस दौरान विधायक गौरव सिंह पारधी ने मौके पर पहुंचकर […]

You May Like