भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करा रही है। इसी क्रम में शासकीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को करीब एक लाख रुपए तक कीमत वाली स्कूटी प्रदान की जा रही है। प्रदेश में 7400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी की सौगात मिली है। इससे विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए कॉलेज आने-जाने में सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोई बच्चा अपनी योग्यता और मेहनत के बल पर घर में स्कूटी लेकर आता है तो माता-पिता के साथ गांव और समाज का गौरव भी बढ़ता है। सरकार स्कूली बच्चों को नि:शुल्क किताबें, ड्रेस और साइकिलें भी उपलब्ध करा रही है।डॉ. यादव ने सुभाष स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि वर्ष 2002-03 तक प्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग का बजट करीब 2600 करोड़ रुपए था, जो अब बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपए हो गया है। उस समय प्राथमिक स्कूलों में ड्रॉपआउट दर 16 प्रतिशत थी, जो अब शून्य हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कभी कई स्कूलों में बच्चों के बैठने तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, लेकिन आज विद्यार्थी अपने भविष्य और करियर को लेकर बड़े सपने देख रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सर्वसुविधायुक्त सांदीपनि विद्यालय खोले जा रहे हैं। बोर्ड परीक्षाओं की मेरिट सूची में अब 50 प्रतिशत विद्यार्थी सांदीपनि और शासकीय स्कूलों से आ रहे हैं। युवा पुश्तैनी व्यवसाय और खेती-किसानी को आधुनिक तकनीक से आगे बढ़ाने के साथ एग्रीकल्चर स्टार्टअप शुरू कर परिवार की आय बढ़ाने की दिशा में भी काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की प्रतिभा का सम्मान करते हुए विकसित भारत @2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश-प्रदेश के विकास में योगदान दें। देश और प्रदेश का भविष्य विद्यार्थियों के हाथों में है।
