
छिंदवाड़ा /जुन्नारदेव। क्षेत्र में साइबर अपराध के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ठगों द्वारा लुभावने मैसेज के जरिए एपीके (एप्लिकेशन) फाइल भेजकर लोगों का व्हाट्सऐप अकाउंट हैक किया जा रहा है। हाल ही में ऐसा ही एक मामला दातला क्षेत्र में सामने आया, जहां जुन्नारदेव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित युवक की समस्या का तत्काल निराकरण कराया।
क्या है पूरा मामला?
दातला (जुन्नारदेव) निवासी 19 वर्षीय कुणाल चौरसिया का व्हाट्सऐप अकाउंट 17 सितंबर की रात हैक हो गया। युवक के पास ‘पीएम योजना लिस्ट’ के नाम से एक संदिग्ध . एपीके फाइल आई थी, जिसे डाउनलोड करते ही उसका व्हाट्सऐप हैक हो गया और उसकी जियो (Jio) सिम भी बंद हो गई।
अज्ञात हैकर ने युवक के व्हाट्सऐप से 256 लोगों की ब्रॉडकास्ट लिस्ट बनाकर क्यूआर कोड भेजा और 6,000 रुपये की मांग की। युवक को अपना दोस्त मानकर कई परिचितों ने झांसे में आकर पैसे भी ट्रांसफर कर दिए।
पुलिस ने इस तरह की सहायता
अगले दिन (18 सितंबर) पीड़ित युवक ने थाना जुन्नारदेव पहुंचकर उप निरीक्षक मुकेश डोंगरे को अपनी आपबीती सुनाई। उप निरीक्षक डोंगरे ने बिना देरी किए मोबाइल की जांच की और उसमें इंस्टॉल फर्जी पीएम आवास योजना की एपीके फाइल को डिलीट कराया। इसके बाद व्हाट्सऐप को री-इंस्टॉल कराकर अकाउंट सुरक्षित किया गया और बंद पड़ी जियो सिम को पुनः चालू करवाया गया। समस्या का तुरंत समाधान होने पर युवक ने जुन्नारदेव पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस एवं साइबर सेल की आवश्यक चेतावनी:
अज्ञात फाइलों से बचें: किसी भी अनजान नंबर या ग्रुप से प्राप्त होने वाली एपीके फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल बिल्कुल न करें।
फर्जी योजनाओं से सतर्क रहें: ‘पीएम आवास योजना’, ‘मुफ्त रिचार्ज’ या ‘लॉटरी’ जैसी लुभावनी स्कीमों के नाम पर आने वाले लिंक और फाइलों के झांसे में न आएं।
पैसे भेजने से पहले कॉल करें: यदि कोई मित्र या रिश्तेदार सोशल मीडिया पर आपात स्थिति (एक्सीडेंट, बीमारी आदि) का हवाला देकर पैसे मांगे, तो पहले उसे सीधे फोन करके पुष्टि जरूर करें।
अकाउंट हैक होने पर क्या करें? तुरंत मोबाइल डेटा/इंटरनेट बंद करें, संदिग्ध फाइल डिलीट करें और नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
