
आलीराजपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने युवाओं से संवाद करते हुए उनके भविष्य, शिक्षा, करियर और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस कार्यक्रम का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अजंदा में किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ करियर काउंसलिंग एवं उनके लक्ष्य के अनुरूप मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
इस दौरान सांसद श्रीमती अनीता नागर सिंह चौहान ने कहा कि आज की जनरेशन में संवाद की कमी के कारण कई बार युवा अपने मन की बात परिवार एवं अन्य लोगों से साझा नहीं कर पाते हैं। इसलिए एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना रखते हुए खुलकर संवाद करें और अपने मन को अनावश्यक रूप से विचलित न होने दें।
उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अभी से अपने भविष्य के बारे में सोचकर स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें तथा लक्ष्य के अनुरूप अपनी दिनचर्या बनाएं। समय का सदुपयोग करते हुए पढ़ाई, कार्य, आराम और अन्य गतिविधियों के लिए निश्चित समय निर्धारित करें। उन्होंने मेहनत और अनुशासन को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि निरंतर प्रयास से ही लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
*माता-पिता के सपनों को करें साकार*
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने युवाओं से कहा कि माता-पिता अपने बच्चों को शिक्षित करने के लिए कठिन परिश्रम करते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करते हुए माता-पिता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं डालना चाहिए। साथ ही सभी युवा अपने परिवार के कार्यों में सहयोग करें और अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने की दिशा में मेहनत करें।
उन्होंने कहा कि युवा सक्षम और आत्मनिर्भर बनेंगे तो वे अपने परिवार की बेहतर देखभाल करने के साथ-साथ समाज और क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे। युवाओं को शिक्षा के साथ विभिन्न स्किल्स एवं रोजगारपरक कौशल के प्रति भी जागरूक होना चाहिए।
*कम उम्र में विवाह से बचने की समझाइश*
साथ ही युवा संवाद के दौरान श्रीमती माथुर ने युवाओं को कम उम्र में विवाह नहीं करने की समझाइश देते हुए कहा कि शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पर्याप्त समय आवश्यक है। युवाओं को पहले अपनी शिक्षा पूरी कर आत्मनिर्भर बनने तथा अपने भविष्य को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि युवा संवाद का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को सही मार्गदर्शन प्रदान करना तथा उन्हें शिक्षा, कौशल, करियर और बेहतर भविष्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, मेहनत, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
*मोबाइल का उपयोग ज्ञान और शिक्षा के लिए करें*
दौरान पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंशसिंह ने युवाओं को मोबाइल फोन के उपयोग को लेकर जागरूक करते हुए कहा कि रील और अनावश्यक वीडियो देखने में अधिक समय व्यतीत करने से बचें। मोबाइल का उपयोग शिक्षा, ज्ञानवर्धन एवं उपयोगी जानकारी प्राप्त करने के लिए करें। उन्होंने युवाओं से नशे से दूरी बनाए रखने तथा अपने स्वास्थ्य और भविष्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
उन्होंने युवाओं को वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने तथा हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि युवाओं में क्षमता और कौशल हो तो वे नौकरी के साथ-साथ स्वयं का अच्छा व्यवसाय भी स्थापित कर सकते हैं।
इस दौरान मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम,अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास,अनुविभागीय अधिकारी सुश्री निधि मिश्रा सहित छात्र एवं छात्राएं उपस्थित थे।
