
भानपुरा। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिला कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने भानपुरा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और लंबित आवेदनों का समय-सीमा में निपटारा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने क्षेत्र की प्रमुख पहचान पान की खेती (बरेजा) का निरीक्षण कर किसानों से खेती, लागत, सिंचाई और बाजार व्यवस्था की जानकारी भी ली।
ग्रामीणों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
अभियान के दौरान आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। बिजली कटौती, राशन वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना और ग्रामीण सड़कों की मरम्मत से संबंधित शिकायतें सामने आईं। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण में लापरवाही नहीं बरतने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पान कृषकों से चर्चा, आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराने पर जोर
कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने भानपुरा क्षेत्र में पान की खेती का निरीक्षण किया। उन्होंने पान उत्पादक किसानों से चर्चा कर खेती की तकनीक, उत्पादन लागत और बाजार में मिलने वाले दामों की जानकारी ली। किसानों ने बदलते मौसम और खेती से जुड़ी तकनीकी चुनौतियों से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को किसानों को आधुनिक तकनीक, सरकारी योजनाओं और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।दौरे के दौरान कलेक्टर ने पहली बार भानपुरा आगमन पर बड़ा महादेव आरोग्य धाम परिसर में बाबा महाकाल के दर्शन भी किए।
एडवोकेट जोशी ने पंचायतों और मंडी निर्माण को लेकर सौंपा आवेदन
क्षेत्र के पांगा में वरिष्ठ एडवोकेट सतीश चंद्र जोशी ने जिला कलेक्टर को ग्राम पंचायत नावली एवं नीमथुर की गौशालाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर आवेदन सौंपा। उन्होंने पंचायतों में हो रही कथित अनियमितताओं से भी कलेक्टर को अवगत कराया।
जोशी ने नगर परिषद भानपुरा द्वारा कृषि उपज मंडी निर्माण को लेकर भी शिकायत रखी। उनका आरोप है कि मंडी क्षेत्र में कीचड़ के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सड़क के दोनों ओर पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से यातायात और पैदल चलने वाले नागरिकों को हो रही समस्याओं की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। शिकायतों पर प्रशासन की जांच और कार्रवाई का विवरण सामने आना शेष है।
अधिकारी एवं ग्रामीण रहे मौजूद
दौरे के दौरान जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन, क्षेत्रीय विधायक चंदरसिंह सिसौदिया, एसडीएम राहुल चौहान, तहसीलदार मुकेश निगम, नगर परिषद प्रभारी सीएमओ विनोद कुमार शर्मा, थाना प्रभारी विनय बुंदेला, वन परिक्षेत्र अधिकारी भीमसिंह सिसौदिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। लोटखेड़ी, खजूरना, पांगा, भैसोदा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से ग्रामीणजन एवं स्थानीय पत्रकार भी उपस्थित रहे।
