
पांढुरना, पांढुरना जिले के ग्राम कलमगांव निवासी किसान स्वप्निल ठाकरे के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सहारा बनी। खेती-किसानी पर निर्भर स्वप्निल ठाकरे ने 1.5 हेक्टेयर रकबे में सोयाबिन की फसल बोई थी। फसल को नुकसान होने की स्थिति में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत उन्हें 11 हजार रुपये की बीमा दावा राशि (क्लेम) प्राप्त हुई।
स्वप्निल ठाकरे बताते हैं कि किसान के लिए खेती में मौसम और प्राकृतिक परिस्थितियों का जोखिम हमेशा बना रहता है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करती है। योजना के अंतर्गत प्राप्त 11 हजार रुपये की राशि से उन्हें फसल नुकसान से उत्पन्न आर्थिक कठिनाइयों से उबरने में मदद मिली।
किसान स्वप्निल ठाकरे के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि खेती में आने वाले जोखिमों के बीच भरोसे का आधार भी बनी है। बीमा क्लेम की राशि मिलने से उनका खेती के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। वे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि फसल का बीमा किसान को प्राकृतिक आपदा अथवा फसल नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करता है। किसानों के लिए यह योजना खेती में जोखिम कम करने और आर्थिक स्थिरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
