एनएचआरसी ने पलवल में मैनहोल में गिरने से बच्ची की मौत का स्वत: संज्ञान लिया

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने हरियाणा के पलवल में अपने घर के पास एक खुले मैनहोल में गिरने से चार साल की बच्ची की मौत का स्वत: संज्ञान लिया है। एनएचआरसी ने शुक्रवार को बताया कि आयोग ने एक मीडिया रिपोर्ट का स्वत: संज्ञान लिया है कि 14 सितंबर को हरियाणा के पलवल में अपने घर के पास खेलते समय एक खुले मैनहोल में गिरने से चार साल की बच्ची की मौत हो गयी। कथित तौर पर स्थानीय निवासियों द्वारा संबंधित अधिकारियों से कई शिकायतों के बावजूद, मैनहोल खुला रहा।

आयोग ने कहा है कि मीडिया रिपोर्ट की सामग्री, यदि सच है, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है। इसे देखते हुए आयोग ने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक, पलवल को नोटिस जारी करके दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में जांच की स्थिति और मृतका के परिजनों को भुगतान किया गया मुआवजा, यदि कोई हो, शामिल होना अपेक्षित है। उल्लेखनीय है कि सोलह सितंबर की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित लड़की के परिवार और स्थानीय निवासियों ने उसे खुले मैनहोल के अंदर पाया और उसे गंभीर हालत में जिला सिविल अस्पताल ले गये,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

.....

Next Post

जयंत ज्वेलर्स डकैती का 6 घंटे में खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार

Fri Sep 18 , 2026
सिंगरौली। कंचन ज्वेलर्स में हुई हथियारबंद डकैती का पुलिस ने 6 घंटे में खुलासा कर दिया। एसपी सियाज के.ए. और डीएसपी अर्चना द्विवेदी की टीम ने लकी कुमार पासवान, अनुराग कुमार चंद्रवंशी और रोशन स्वीपर को गिरफ्तार किया। आरोपियों से सोना-चांदी, नकदी, पिस्टल-कट्टे और मोटरसाइकिल बरामद हुए। गिरोह के अन्य […]

You May Like