
भोपाल में बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी का दीक्षांत समारोह आज सुबह 10:30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, मिंटो हॉल में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता मध्यप्रदेश के राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मंगू भाई पटेल करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार विशिष्ट अतिथि रहेंगे। भारतीय विदेश व्यापार संस्थान के कुलपति प्रो. के. रंगराजन मुख्य वक्ता के तौर पर दीक्षांत भाषण देंगे।
समारोह में 85 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। वहीं विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 27 गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। इनमें आर्ट्स, कॉमर्स, एजुकेशन, इंजीनियरिंग, लाइफ साइंस, मैनेजमेंट, फार्मेसी, फिजिकल एजुकेशन, साइंस और सोशल साइंस शामिल हैं।
इन 27 स्वर्ण पदकों में 5 प्रायोजित हैं। सीताराम जिंदल फाउंडेशन तीन, जबकि दिलीप सूर्यवंशी और लॉ विभागाध्यक्ष मोना पुरोहित एक-एक गोल्ड मेडल प्रदान करेंगे।
15 सितंबर तक विश्वविद्यालय को कुल 216 फॉर्म प्राप्त हुए हैं।
