इंस्टाग्राम पर दिखी चोरी की चैन, फिर खुला दो साल पुरानी चोरी का राज

इंदौर. दो साल से घर से जेवर और कीमती सामान गायब हो रहे थे, लेकिन चोर का सुराग नहीं मिल रहा था. राज तब खुला, जब चोरी हुई डायमंड जड़ित चैन इंस्टाग्राम की एक फोटो में नजर आ गई. परिवार ने फोटो पुलिस को दिखाई तो जांच पूर्व घरेलू कर्मचारी तक पहुंची. पूछताछ के बाद महिला गिरफ्तार हुई और करीब 3 लाख रुपए के जेवर व सामान बरामद हो गए.

स्कीम नंबर 78 में रहने वाली बुजुर्ग महिला के घर से वर्ष 2024 से अलग अलग समय पर सोने की चैन, डायमंड जड़ित अंगूठी, कीमती चश्मा और घरेलू सामान चोरी हो रहा था. परिवार ने लसूडिया थाने में शिकायत की, जांच के दौरान पूर्व घरेलू कर्मचारी पूनम चाकर पर संदेह गया. इसी बीच फरियादी की पत्नी ने पूनम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर उसकी एक फोटो देखी. फोटो में उसके गले में वही डायमंड जड़ित पैंडल वाली चैन थी, जो घर से चोरी हुई थी. इसके बाद पुलिस ने पूनम से पूछताछ की. पूछताछ में उसने अलग-अलग समय पर घर से सामान चोरी करना स्वीकार किया. उसकी निशानदेही पर सोने की डायमंड जड़ित चैन, अंगूठी, लेडिस चश्मा और अन्य सामान बरामद किया. महिला करीब तीन साल से घर में काम करने आती थी और दो महीने पहले ही उसने काम छोड़ा था. मामले में एसीपी पराग सैनी ने बताया कि इंस्टाग्राम पर मिली फोटो जांच में अहम सुराग बनी, इसके आधार पर पूछताछ कर चोरी का सामान बरामद किया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Next Post

स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश 

Thu Sep 17 , 2026
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एनकेजे में स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम हुआ। प्राचार्य और शिक्षकों की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं को जैव शौचालय और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी दी गई। वहीं रेलवे अस्पताल नरसिंहपुर में भी अभियान की शुरुआत कर स्वच्छ […]

You May Like