101 आधार कार्ड पर जानकारी ग्राहकों की, फोटो एक ही आरोपी का; साइबर सेल ने खोला राज

इंदौर. अलग अलग ग्राहकों के आधार कार्ड और केवाईसी का इस्तेमाल कर 101 मोबाइल कनेक्शन ऐसे तरीके से एक्टिवेट किए, जिनमें ग्राहक की जगह एक ही व्यक्ति की तस्वीर लगी थी. दूरसंचार विभाग से मिले इनपुट पर राज्य साइबर सेल ने तकनीकी जांच की तो फर्जीवाड़े का पता चला. मामले में टेलीकॉम कंपनी के पीओएस एजेंट रहे राजकुमार यदुवंशी को गिरफ्तार किया है.

मामले की जांच उस समय शुरू हुई, जब एक ही चेहरे से असामान्य संख्या में मोबाइल कनेक्शन जारी होने की जानकारी सामने आई. तकनीकी पड़ताल में कनेक्शनों का संबंध इंदौर की अलग-अलग दुकानों से मिला. इसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे मांगलिया क्षेत्र से पकड़ा. आरोपी करीब 10 साल से सिम बिक्री और एक्टिवेशन के काम से जुड़ा था. उसने इंदौर की पांच-छह मोबाइल दुकानों के नाम का इस्तेमाल कर खुद को टेलीकॉम कंपनी का पीओएस एजेंट पंजीकृत करा लिया था. सिम लेने वाले ग्राहकों की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने की जिम्मेदारी इसी माध्यम से उसके पास आती थी. सत्यापन के दौरान ग्राहक की लाइव तस्वीर अपलोड की जानी थी. आरोपी ने इस प्रक्रिया में ग्राहकों के फोटो की जगह अपना फोटो लगा दिया. वहीं पीओएस एजेंट के फोटो वाले हिस्से में अपनी महिला मित्र और रिश्तेदार महिलाओं की तस्वीरों का इस्तेमाल किया. इस तरीके से 101 कनेक्शन सक्रिय कर दिए. जांच में आरोपी के करीब 10 साल से इस काम से जुड़े होने की बात सामने आई है.

अब साइबर सेल उसके पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है. एजेंट के तौर पर उसने और कितने कनेक्शन एक्टिवेट किए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही 101 नंबरों की गतिविधियां खंगालकर यह पता लगाया जा रहा है कि इनमें से किसी का इस्तेमाल साइबर अपराध में तो नहीं हुआ. आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया है. कार्रवाई ऑपरेशन फास्ट-2.0 के तहत की गई. मामले में एसपी सव्यसाची सराफ ने नव भारत को बताया कि एक ही चेहरे से बड़ी संख्या में कनेक्शन जारी होने की जानकारी के बाद तकनीकी जांच की गई थी. 101 कनेक्शनों के अलावा आरोपी से जुड़े अन्य एक्टिवेशन की भी जांच चल रही है. इन नंबरों का किसी साइबर अपराध में इस्तेमाल हुआ है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है.

Next Post

इंस्टाग्राम पर दिखी चोरी की चैन, फिर खुला दो साल पुरानी चोरी का राज

Thu Sep 17 , 2026
इंदौर. दो साल से घर से जेवर और कीमती सामान गायब हो रहे थे, लेकिन चोर का सुराग नहीं मिल रहा था. राज तब खुला, जब चोरी हुई डायमंड जड़ित चैन इंस्टाग्राम की एक फोटो में नजर आ गई. परिवार ने फोटो पुलिस को दिखाई तो जांच पूर्व घरेलू कर्मचारी […]

You May Like