
ग्वालियर। ग्वालियर में एक चोर ऐसा सामने आया है जिसने चोरी करने से पहले एक मैसेज जारी किया है, चोर ने एक घर में परचा फेंका है जिसपर लिखा है -मैं एक चोर हूं मुझे शांति से चोरी करने दो नहीं तो सबको मार डालूंगा” इस धमकी भरे पत्र को पढ़कर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों की शिकायत पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के सूर्य विहार कॉलोनी में रहने वाले भोलाराम श्रीवास के घर किसी अज्ञात बदमाश ने पत्थर में लपेटकर एक लेटर फेंका था। जब उन्होंने उसे खोल कर देखा तो उसमें धमकी लिखी हुई थी। जिसमें लिखा था कि “मैं एक चोर हूं मुझे चोरी करने दो नहीं तो मैं सबको मार डालूंगा, हमें शांति से चोरी करने दो नहीं तुम लोग मरोगे मेरे साथी से। एक और दिन हमें शांति से चोरी करने दो।”
भोलाराम ने जब ये सन्देश पढ़ा और उसे कॉलोनीवासियों को दिखाया तो सभी लोग दहशत में आ गए। दहशत में आए लोगों का कहना है कि इन चोरों ने 2024 में भी एक घर को निशाना बनाते हुए चोरी की थी। इसके साथ ही पत्थर भी फेंके थे। चोरों की हरकत से 2 साल से वे लोग परेशान होते आ रहे हैं लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है जिस वजह से उनके हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
