रीवा:कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की.कमिश्नर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के निराकरण की प्रगति संतोषजनक नहीं है. समाधान ऑनलाइन के एजेण्डा बिन्दुओं में लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों तथा सौ दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का विशेष प्रयास करके निराकरण करें. इसके लिए जिला और विकासखण्ड स्तर पर शिविरों का आयोजन करें.
प्रतिदिन शाम चार से पाँच बजे की अवधि में सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का निराकरण करें. प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करके विभाग की ग्रेडिंग में सुधार करें, जिससे संभाग के सभी जिले ए ग्रेड में रहें. कमिश्नर ने कहा कि ई ऑफिस प्रणाली में रीवा संभाग फाइल मूवमेंट में प्रदेश में नर्मदापुरम संभाग के बाद दूसरे स्थान पर है. सभी अधिकारी ई ऑफिस के माध्यम से फाइलें भेजकर संभाग को प्रथम स्थान पर पहुंचाएं. ई ऑफिस के माध्यम से रीवा जिले में 26903 फाइलों का मूवमेंट हुआ है. संभागीय अधिकारी जिलों में ई ऑफिस प्रणाली को अधीनस्थ कार्यालयों में लागू कराएं.
इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही करें. कमिश्नर ने कहा कि ई ऑफिस के माध्यम से सर्वाधिक 208 फाइलें संयुक्त संचालक शिक्षा द्वारा भेजी गई हैं. सहकारिता विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पशु चिकित्सा सेवाएं, उद्योग विभाग, पीएचई तथा संयुक्त संचालक नगरीय निकाय भी पर्याप्त फाइलें भेजी गई हैं. सभी अधिकारी ई ऑफिस के माध्यम से ही फाइलों का मूवमेंट करें. कमिश्नर ने बैठक से बिना सूचना अनुपस्थित प्रभारी संयुक्त संचालक कृषि को नोटिस देने के निर्देश दिए. बैठक में अधिकारीगण मौजूद रहे.
