जबलपुर: घमापुर थाना अंतर्गत बल्दीकोरी की दफाई में 24 अक्टूबर को बड़े भाई और भाभी की चाकू से गोदकर हत्या करने वाले छोटे भाई को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद मंगलवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है। जबकि उसकी पत्नी को पूर्व में पुलिस जेल भेज चुकी है।विदित हो कि बल्दी कोरी दफाई में रहने वाले संजय चौधरी और उसके छोटे भाई बबलू चौधरी के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
शुक्रवार सुबह दस बजे बबलू हाथ में चाकू लेकर पहुंचा और हिस्सा मांगते हुए बड़े भाई संजय 45 वर्ष और उनकी पत्नी बबीता चौधरी 40 वर्षीय पर चाकू से हमला कर दोनों को मौत के घाट उतार दिया था। संजय के शरीर में 33 तो बबीता के शरीर में 23 घाव मिले थे। जब पुलिस ने जांच पड़ताल की तो यह बात सामने आई कि आरोपित की पत्नी पूजा ने भी चाकू मारे थे।
साथ ही पति की मदद भी की थी। पुलिस ने दोहरे हत्याकांड में पूजा को भी आरोपी बनाया था। जिसे गिरफ्तार करने के बाद रविवार को जेल भेज दिया था लेकिन बबलू फरार चल रहा था जिसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगी हुई थी। उसकी गिरफ्तारी पर ईनाम भी घोषित किया गया था। कटनी में उसकी लोकेशन मिलने पर पुलिस टीम रवाना हुई जहां से उसे गिरफ्तार कर शहर लेकर आई और मंगलवार को उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
