रोम 17 सितंबर (वार्ता) इटली सरकार ने देश में ईंधन की बढ़ती कीमतों और जीवन यापन की लागत से आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से वर्ष 2027 के लिए गाड़ियो के लिए रोड टैक्स खत्म करने का ऐलान किया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस कदम से देश के लगभग 1.45 करोड़ कार और मोटरसाइकिल मालिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार ने इतालवी नागरिकों द्वारा सबसे अधिक नापसंद किए जाने वाले करों में से एक को समाप्त कर दिया है।
इस छूट के दायरे में सभी प्रकार की मोटरसाइकिलें, मोपेड और 70 प्रतिशत से अधिक छोटी व मध्यम श्रेणी की कारें शामिल हैं। प्रत्येक नागरिक केवल एक वाहन के लिए इस कर छूट का दावा कर सकता है। यदि किसी व्यक्ति के पास निर्धारित सीमा के भीतर कार और बाइक दोनों हैं, तो छूट केवल एक वाहन (कम शक्ति वाले) पर ही मिलेगी। केवल वर्ष 2027 के लिए लागू होने वाली इस योजना से सरकारी खजाने पर लगभग 2.3 से 2.4 अरब यूरो वित्तीय बोझ आने का अनुमान है।
यह राजनीतिक एवं आर्थिक निर्णय वर्ष 2027 में होने वाले इटली के आम चुनावों से ठीक पहले आया है, जब सुश्री मेलोनी नीत गठबंधन सरकार को चुनावी सर्वेक्षणों में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार ने इसे आम परिवारों को राहत देने वाला कदम बताया है, लेकिन विपक्ष और आलोचकों ने इसे चुनावों को ध्यान में रखकर उठाया गया कदम करार दिया है।
