संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के लिए रवाना हुईं RI अनीता सिवडे, पुलिस परिवार ने दी भावभीनी विदाई

पांढुरना। मध्य प्रदेश पुलिस की रक्षित निरीक्षक श्रीमती अनीता सिवडे को संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (UN Mission) – दक्षिण सूडान में नई जिम्मेदारी के लिए रवाना होने से पूर्व पुलिस विभाग द्वारा भावभीनी विदाई दी गई।

विदाई समारोह का वातावरण जहां आत्मीयता और भावनाओं से भरा रहा, वहीं श्रीमती अनीता सिवडे की इस उपलब्धि पर पुलिस परिवार में गर्व और प्रसन्नता का माहौल भी रहा। लंबे समय तक मध्य प्रदेश पुलिस में सेवाएं देते हुए उन्होंने अपनी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, कार्यक्षमता एवं समर्पण से विभाग में विशिष्ट पहचान बनाई।

श्रीमती अनीता सिवडे मूलतः बैतूल जिले के मुलताई तहसील के ग्राम महतपुर की रहने वाली हैं। वर्ष 2010 में मध्य प्रदेश पुलिस में सूबेदार के रूप में सेवा प्रारंभ करने के पश्चात वर्ष 2013 में रक्षित निरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुईं। उन्होंने पांढुर्णा, छिंदवाड़ा एवं जबलपुर सहित विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

उनकी उत्कृष्ट सेवाओं को विभिन्न स्तरों पर सम्मान भी प्राप्त हुआ। वर्ष 2025 में रुस्तमजी अवार्ड तथा केंद्रीय गृहमंत्री पदक से सम्मानित होना उनके सेवाकाल की उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल है।

अब उन्हें संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन – दक्षिण सूडान में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ है। यह उनके लिए एक नई जिम्मेदारी और नई यात्रा की शुरुआत है, साथ ही मध्य प्रदेश पुलिस के लिए भी गौरव का विषय है।

विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनोकामना प्रसाद, एसडीओपी श्री बृजेश भार्गव, श्रीमती प्रियंका पांडे, थाना प्रभारी पांढुर्णा श्री अमित दानी, थाना प्रभारी सौसर श्री रूपलाल उइके, थाना प्रभारी लोधीखेड़ा श्री मर्सकोले, महिला सेल प्रभारी श्रीमती संध्या रानी सक्सेना, यातायात थाना प्रभारी, चौकी नादनवाड़ी, चौकी पीपला नारायणवार, चौकी बड़ चिचोली, डीसीबी प्रभारी, वाहन शाखा प्रभारी श्री महेश भावरकर, हाईवे चौकी प्रभारी श्री भूपेंद्र सोनी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रीमती अनीता सिवडे को पुष्पगुच्छ एवं हार पहनाकर आत्मीय सम्मान के साथ विदाई दी तथा उनके आगामी दायित्व के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

एक छोटे से गांव की मिट्टी से निकली बेटी का अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना अपने आप में प्रेरणादायी यात्रा है।

उनके जीवनसाथी श्री नेपाल सिंह, जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, तथा उनके दोनों बच्चे जहानवी एवं दिव्यांश भी इस गौरवपूर्ण यात्रा का अभिन्न हिस्सा हैं।

विदाई के अवसर पर भावुक माहौल में पुलिस परिवार ने उनके साथ बिताए सेवाकाल के अनुभवों और स्मृतियों को याद किया। एक ओर बिछड़ने की भावुकता थी, तो दूसरी ओर इस बात का गर्व कि मध्य प्रदेश पुलिस की एक अधिकारी अब संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी सेवाएं प्रदान करने जा रही हैं।

माटी गांव की थी, हौसले आसमान से भी ऊंचे निकले,

आज वही बेटी दुनिया के मंच पर भारत का मान बढ़ाने जा रही है।

पुलिस विभाग की ओर से रक्षित निरीक्षक श्रीमती अनीता सिवडे को संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन–दक्षिण सूडान के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। उनके आगामी दायित्व सफल हों तथा वे अपनी कर्तव्यनिष्ठा और कार्यक्षमता से देश एवं मध्य प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाएं।

Next Post

पीएम मोदी के कार्यकाल में देश की महिलाओं के जीवन में आया बदलाव: सीएम डॉ. यादव

Wed Sep 16 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर प्रदेश में एक माह के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें 10 दिन आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के होंगे। प्रदेश में 26 सितंबर से […]

You May Like

मनोरंजन