
सिंगरौली । विंध्यनगर थाना क्षेत्र की जयंत चौकी पुलिस ने समता कंपनी कैंप में क्वार्टर का ताला तोड़कर लैपटॉप चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सियाज केएम के निर्देश एवं विंध्यनगर थाना प्रभारी व डीएसपी अर्चना द्विवेदी के मार्गदर्शन पर की गई कार्रवाई में चोरी गया लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार समता कंपनी कैंप निवासी आदित्य आनंद 5 सितंबर की रात करीब 8 बजे ड्यूटी के लिए खदान गया था। इसी दौरान अज्ञात चोर ने उसके क्वार्टर का ताला तोड़कर कमरे में रखा लैपटॉप पार कर दिया। अगले दिन पड़ोसी ने ताला टूटा होने की सूचना दी, तब चोरी का पता चला। शिकायत पर जयंत चौकी में धारा 331(4) 305(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए संदिग्ध की पहचान की गई और लगातार पतासाजी के बाद अनिकेश्वर उर्फ माफिया द्विवेदी उम्र 24 वर्ष निवासी बारी, थाना बहरी, सीधी, हाल बस पड़ाव जयंत को पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर लैपटॉप बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ विंध्यनगर थाने में चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित 24 मामले दर्ज हैं। कार्रवाई में जयंत चौकी प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सिंह और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। न्यायालय से आरोपी को जिला जेल भेज दिया गया।
