इंदौर: जनसुनवाई के दौरान अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कलेक्टर आशीष सिंह ने सख्त रुख अपनाया. श्री सिंह द्वारा आज आयोजित जनसुनवाई में अनुपस्थित रहने पर जिला शिक्षा अधिकारी सुषमा वैश्य को निलंबित करने के निर्देश दिए गए.उल्लेखनीय है कि सोमवार को सम्पन्न हुई अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने सभी शासकीय अधिकारियों को जनसुनवाई में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए थे. उन्होंने कहा था कि अधिकारी आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनें और त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें.
आज जिला शिक्षा अधिकारी सुषमा वैश्य को अनुपस्थित रहने पर निलंबित करने के निर्देश दिए गए. जनसुनवाई की अवहेलना करने पर कठोर रुख़ अपनाते हुए कलेक्टर के प्रस्ताव पर संभागायुक्त दीपक सिंह द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी इंदौर श्रीमती सुषमा वैश्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. प्रशासनिक दृष्टि से जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यों के सुचारू संचालन किये जाने हेतु कलेक्टर द्वारा संयुक्त कलेक्टर विजय कुमार मंडलोई को जिला शिक्षा अधिकारी का प्रभार सौंपा है.
