छतरपुर। शहर में एक दलित युवक के साथ हुई बर्बर मारपीट की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां एक व्यस्त इलाके में युवक को सरेआम जमीन पर गिराकर जूते-लातों से पीटा गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सीसीटीवी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक को पहले धक्का देकर गिराया गया, फिर हमलावर लगातार उसके चेहरे और शरीर पर लात-घूंसे और जूतों से वार करते रहे। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि हमलावर युवक के चेहरे पर चढ़ते हुए भी नजर आते हैं। हैरानी की बात यह रही कि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
हमले में पीड़ित युवक को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक के चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें हैं और फिलहाल उसे निगरानी में रखा गया है।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस के अनुसार यह घटना 20 दिसंबर की है। सूचना मिलते ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अब सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की दोबारा गहन जांच की जा रही है। यदि अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छतरपुर में दलित युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
