छतरपुर। ईशानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पनोठा के मोटे का पुरवा के रहने वाले बच्चों ने मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचकर 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। बच्चे दोपहर करीब 12 बजे जनसुनवाई स्थल पर पहुंचे और अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी।
आवेदन में बच्चों ने बताया कि गांव में बिजली की आपूर्ति बेहद अनियमित है, जिससे उनकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। आगामी दिनों में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं होने वाली हैं, ऐसे में रात के समय बिजली न होने के कारण वे ठीक से पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। कई बार घंटों तक बिजली गुल रहती है, जिससे मोबाइल चार्ज, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और रोशनी तक की समस्या बनी रहती है।
बच्चों ने प्रशासन से मांग की कि परीक्षा अवधि को देखते हुए गांव में 24 घंटे या कम से कम नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें।
जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने बच्चों की बात सुनी और मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
