सिंगरौली : चितरंगी थाना क्षेत्र के झोंखो गांव में 24 वर्षीय राम लखन यादव की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के पिता रामअवतार यादव ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आशंका जताई है कि उनके बेटे की हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटकाया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया कि राम लखन 5 सितंबर की सुबह करीब 10:11 बजे घर से पश्चिम दिशा की ओर घूमने निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। अगले दिन 6 सितंबर की शाम करीब 4 बजे घर से लगभग 100 मीटर दूर उसका शव फांसी पर लटका मिला। पिता के मुताबिक शव मिलने के दौरान उसका मोबाइल फोन बज रहा था। रामअवतार ने आरोप लगाया कि बेटे के साथ पहले मारपीट की गई और उसे करंट लगाया गया।
उन्होंने शरीर पर चोट के निशान, पैर मुड़े होने तथा फांसी लगाने वाले स्थान की ऊंचाई करीब 5.4 फीट होने का उल्लेख करते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट की भी गहनता से जांच कराने की मांग की है। पिता ने मृतक के मोबाइल की पूरी कॉल डिटेल निकलवाने, संदिग्ध लोगों से पूछतांछ करने तथा गाली-गलौज व जान से मारने की कथित धमकी वाली रिकॉर्डिंग की जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस नेता अशोक पैगाम ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की। एसपी सियाज केएम ने शिकायत में बताए तथ्यों की जांच कर उचित कार्रवाई की बात कही है।
