भिंड:जिले के रौन थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में बच्चों के बीच मामूली हंसी-मजाक से शुरू हुए विवाद में दो भाइयों ने फायरिंग कर दी। इसमें 19 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक की मां ज्योति भदौरिया के अनुसार बच्चों के बीच हंसी-मजाक को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी, जो थोड़ी देर में शांत हो गई।
इसके बाद पड़ोसी अभिषेक पिता करू भदौरिया ने विवाद के दौरान गाली-गलौज शुरू कर दी। मामला बढ़ने पर अभिषेक और उसके भाई मिलन ने मिलकर 12 बोर के कट्टे और अन्य हथियार से करीब 10 राउंड फायर किए। इसमें एक किशोर की मौत हो गई। जबकि 14 वर्षीय मयंक और 20 वर्षीय पिंकी पिता संजीव बघेल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
