क्रेटा से ड्रायवर ने ही चुरा लिए 27 लाख रुपए, 24.50 लाख बरामद

इंदौर: राऊ में मालिक की क्रेटा कार से 27 लाख रुपए चोरी होने के मामले में पुलिस ने उसके निजी ड्राइवर को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आए सुरागों के आधार पर पकड़े गए आरोपी रोहित पिता स्व. लक्ष्मण सिंह कोसे की निशानदेही पर पुलिस ने 24.50 लाख रुपए नकद बरामद कर लिए हैं. आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी के दो मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है.
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को गौरव मित्तल ने राऊ थाने में शिकायत की थी कि विकास स्वीट्स के सामने खड़ी उनकी क्रेटा कार में रखे 27 लाख रुपए गायब हो गए. शिकायत में उन्होंने अपने निजी ड्राइवर रोहित पर रुपए चोरी कर फरार होने की आशंका जताई थी, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. जांच में मिले सुरागों से आरोपी की पहचान होने के बाद मंगलवार को उसकी घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपी ने रुपए चोरी करना स्वीकारा
पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया. उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम में से 24 लाख 50 हजार रुपए बरामद हुए. शेष रकम के संबंध में पुलिस पूछताछ कर रही है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रोहित के खिलाफ तुकोगंज थाने में वर्ष 2010 में चोरी के दो प्रकरण दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले में अतिरिक्त डीसीपी जोन-1 सुमित केरकेट्टा ने बताया कि घटना की जांच में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से महत्वपूर्ण सुराग मिले थे. इनके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 24.50 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं, मामले में आगे की जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

Next Post

निगम रिमूवल दस्ते से महिला ने की हुज्जत, एफआईआर

Wed Sep 16 , 2026
इंदौर. मंगलवार को अन्नपूर्णा रोड़ पर नगर निगम रिमूवल दस्ते और फुटपाथ ठेला व्यापारियों के बीच विवाद हो गया. इस दौरान मामला इतना बड़ा कि एक महिला निगम कार्रवाई के विरोध में सड़क पर लेटकर विरोध शुरू कर दिया. इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और महिला को सड़क से […]

You May Like