नयी दिल्ली, 24 फरवरी (वार्ता) भारत एआई इम्पैक्ट समिट-2026 के समापन पर जारी ऐतिहासिक नयी दिल्ली घोषणा-पत्र पर बंगलादेश सहित तीन और देशों ने हस्ताक्षर किये हैं और इस तरह इससे जुड़ने वाले सदस्य देशों की संख्या 91 हो गयी है।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में किसी विकासशील देश में हुए इस सम्मेलन के घोषणा-पत्र में एआई को विश्व के लिए प्रभावशील बनाने के लिए वैश्विक सहयोग की आवश्यकता को रेखांकित किया गया है। यह सम्मेलन 16-20 फरवरी तक भारत मंडपम में आयोजित किया गया था, जिसमें विश्व के अनेक देशों के राष्ट्राध्यक्षों, शासनाध्यक्षों, सरकारों के प्रतिनिधियों और वैश्विक स्तर पर काम करने वाली प्रौद्योगिकी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योागिकी मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार 21 फरवरी तक 88 देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने इस घोषणापत्र का समर्थन किया था। उसके बाद तीन और देश- बंगलादेश, कोस्टा रिका और ग्वाटेमाला – इसमें शामिल हो गये हैं, जिससे घोषणापत्र पर हस्ताक्षर करने वालों की कुल संख्या 91 देशों और संगठनों तक पहुंच गयी है।
