सतना : जिस लडक़ी का विवाह महज 2 महीने पहले हुआ हो और त्योहारों के अवसर पर वह पहली बार माएके वापस लौटी हो, उसके साथ आखिरकार ऐसा क्या हुआ कि उसका शव फंदे पर लटका पाया गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना करते हुए कुछे ऐसे ही सवालों के उत्तर खोजने का प्रयास शुरु कर दिया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत पाथर कछार गांव में सोमवार-मंगलवार की देर रात परिजनों के बीच उस वक्त कोहराम मच गया जब उन्होंने अपनी बेटी को फंदे पर लटका पाया. मृतका की पहचान गुडिय़ा खैरवार के तौर पर हुई.
जिसका महज 2 महीने पहले 7 जुलाई को पन्ना जिले के अजयगढ़ तहसील अंतर्गत भसूड़ा गांव के निवासी जयकरण खैरवार के साथ विवाह हुआ था. त्योहारों के चलते वह कुछ दिन पहले ही माएके आई थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और परिजनों से जानकारी जुटाने का प्रयास शुरु किया. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार बरौंधा डॉ. सुदामा प्रसाद भी मौके पर पहुंच गए. बताया गया कि परिजनों ने इस बात की आशंका भी जताई कि मृतका के पास जो मोबाइल मिला उसमें सिम नहीं लगा था. जिसे देखते हुए तहसीलदार पर थाना प्रभारी द्वारा आश्वस्त किया गया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी.
