नगरीय निकाय चुनाव के परिणामों ने भाजपा गढ़ की दीवारों में डाल दी दरारें-जूली

जयपुर (वार्ता) राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने निकाय चुनाव परिणामों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलते हुए कहा है कि जिन शहरी क्षेत्रों को भाजपा अपना अभेद्य गढ़ कहती रही है, इन नतीजों ने उसी गढ़ की दीवारों में गहरी दरारें डाल दी हैं।

श्री जूली ने मंगलवार को अपने बयान में यह बात कही। उन्होंने कहा कि आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में दस हजार से अधिक वार्डों में भाजपा को केवल चार हजार एक सौ अधिक सीटें मिली हैं जबकि कांग्रेस ने करीब 3600, निर्दलीयों ने लगभग 2270 और अन्य ने 170 सीटों पर जीत दर्ज की है। यह साफ दर्शाता है कि जिस शहरी राजस्थान को भाजपा अपना एकतरफा गढ़ मानकर चल रही थी, वहां की जनता ने अब उसे सिरे से नकारना शुरू कर दिया है।

उन्होंने मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र भरतपुर का हवाला देते हुए कहा कि वहां भी स्थिति इतनी खराब है कि अब सरकार को निर्दलीयों की बैसाखी का सहारा ढूंढना पड़ रहा है। अलवर में फ्लॉप रोड शो के बाद भाजपा का बुरा हाल हुआ है, वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के गृह जिले पाली में कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत हासिल कर साबित कर दिया है कि भाजपा के कथित गढ़ अब पूरी तरह ढहते जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राजधानी जयपुर में भी जनता ने भाजपा को कोई खुला मैदान नहीं दिया और पूरी सत्ता, संगठन एवं सरकारी ताकत झोंकने के बावजूद भाजपा किसी तरह हारते-हारते बची है। श्री जूली ने भाजपा के नेतृत्व और मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राजस्थान के इतिहास में पहली बार निकाय चुनावों में मुख्यमंत्री को खुद रोड शो और रैलियां करनी पड़ीं, बड़े-बड़े नेताओं को महाराष्ट्र तक से बुलाना पड़ा और पूरी सरकारी मशीनरी झोंक दी गई, इसके बावजूद जनता ने भाजपा को कड़ा संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को इन परिणामों को उत्सव की झूठी रोशनी में छिपाने के बजाय जनादेश को समझना चाहिए। करीब तीन साल के शासन में प्रदेश की जनता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि केवल सत्ता, प्रचार और सरकारी मशीनरी के भरोसे जनसमर्थन कायम नहीं रह सकता। जनता अब काम, जवाबदेही और अपने शहरों की बदहाल व्यवस्थाओं का हिसाब मांग रही है।

 

 

Next Post

नशीले सामान की तस्करी के आरोप में दो अफ्रीकी नागरिक गिरफ्तार

Wed Sep 16 , 2026
नोएडा (वार्ता) उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो विदेशी मूल के अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 600 ग्राम सफेद पाउडर बरामद हुआ है, जिसे एमडीएमए (मेथामफेटामाइन) बताया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब […]

You May Like