मुंबई, 15 सितंबर (वार्ता) कच्चे तेल में तेजी से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया मंगलवार को 34 पैसे लुढ़क गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.88 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा दो पैसे की गिरावट में 95.54 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपये में आज शुरू से ही दबाव रहा। यह 31 पैसे नीचे में 95.85 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। बीच कारोबार में यह ऊपर 95.75 रुपये और नीचे 95.97 रुपये प्रति डॉलर तक गया। अंत में 95.88 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल आज सवा दो प्रतिशत की मजबूती के साथ 108 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। इससे रुपये पर दबाव रहा।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक आज 0.2 प्रतिशत मजबूत हुआ। घरेलू स्तर पर विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने भारतीय पूंजी बाजार में 66.38 करोड़ डॉलर की शुद्ध बिकवाली की। इन दोनों कारकों का भी रुपये की गिरावट में योगदान रहा।
