
सिंघाना (धार). उपमंडी प्रांगण सिंघाना में सोमवार को कपास, गेहूं, मक्का सहित विभिन्न कृषि उपज की खरीदी का शुभारंभ विधि-विधान के साथ मुहूर्त नीलामी के माध्यम से किया गया। खरीदी के प्रथम दिन ही किसानों में उत्साह देखने को मिला। पहले दिन सात किसान अपने वाहनों में कृषि उपज लेकर मंडी प्रांगण पहुंचे और नीलामी प्रक्रिया में शामिल हुए। मुहूर्त नीलामी में कपास का भाव 8225 रुपए प्रति क्विंटल रहा, जिससे किसानों के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत मंडी सचिव भगतसिंह डावर द्वारा भगवान बलराम एवं भगवान गणेश जी की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर की गई। इसके बाद भगवान के छायाचित्र पर माल्यार्पण किया गया। पूजा-अर्चना के पश्चात कृषि उपज की मुहूर्त नीलामी प्रारंभ की गई।
मुहूर्त नीलामी में सिंघाना निवासी किसान मनोहर हरि सिंह प्रथम किसान के रूप में अपनी कपास की उपज लेकर पहुंचे। उनके कपास की खरीदी श्री श्याम इंडस्ट्रीज सिंघाना के दीपक राठौड़ द्वारा 8225 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की गई। प्रथम किसान की उपज की खरीदी होने पर उपस्थित किसानों एवं व्यापारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा मंडी में कृषि उपज की नियमित खरीदी शुरू होने पर किसानों को अपनी उपज के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधाजनक बाजार उपलब्ध होने की उम्मीद जगी।
व्यापारी एवं किसान पदाधिकारी रहे मौजूद<मुहूर्त नीलामी के दौरान सिंघाना के व्यापारी मनोज गर्ग, अनिल गोले, नेमीचंद जैन, दीपक राठौड़, ऋषभ जैन, बद्रीलाल राठौर, शुभम जैन, दिनेश शर्मा, जय जैन सहित अन्य व्यापारियो के साथ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
वहीं भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी काशीराम वास्केल, ओम प्रकाश शर्मा, सुरेश पाटीदार, मोहन मुकाती, भगवान बर्फा, कैलाश पटेल, रमेश परिहार, प्रवीण पाटीदार, रवि पाटीदार, गोपाल पाटीदार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने मंडी में कृषि उपज की खरीदी शुरू होने पर खुशी जताई।
प्रतिदिन सुबह 11 बजे से होगी नीलामी प्रारंभ
मंडी सचिव भगतसिंह डावर ने बताया कि उपमंडी प्रांगण सिंघाना में अब प्रतिदिन सुबह 11 बजे से कृषि उपज की नीलामी प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसान अपनी कपास, गेहूं, मक्का सहित अन्य कृषि उपज को मंडी प्रांगण में ही लेकर आएं और नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से अपनी उपज का विक्रय करें। उन्होंने कहा कि मंडी में उपज विक्रय करने से किसानों को उचित दाम, सही तौल और आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। मंडी प्रशासन ने किसानों से निर्धारित समय पर अपनी उपज मंडी में लाने तथा नीलामी प्रक्रिया का लाभ उठाने की अपील की है। कपास खरीदी के पहले ही दिन 8225 रुपए क्विंटल का भाव मिलने से किसानों में उत्साह नजर आया। खरीदी प्रक्रिया के नियमित संचालन से आने वाले दिनों में सिंघाना उपमंडी में किसानों और व्यापारियों की गतिविधियां बढऩे की उम्मीद है।
