
जकार्ता, 15 सितंबर (वार्ता) इंडोनेशिया के जावा सागर में नौका डूबने की घटना में कम से कम 128 लोग अब भी लापता हैं, जबकि 109 लोगों को बचा लिया गया है और छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। स्थानीय मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सरकारी समाचार एजेंसी अंतारा के अनुसार, इंडोनेशिया की राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी (बासार्नास) ने बताया कि ‘विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ पर सवार 243 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में से 115 का पता लगा लिया गया है।
नौका रविवार तड़के दक्षिण कालीमंतन के तंजुंग सेलातन के पास, मासालेम्बु द्वीप के निकट समुद्र में डूब गयी थी। दक्षिण कालीमंतन के अधिकारी बचाये गये लोगों के चिकित्सकीय और मानसिक रूप से यात्रा के लिए स्वस्थ होने के बाद उन्हें उनके घर भेजने की व्यवस्था कर रहे हैं।
अंतारा के अनुसार दक्षिण कालीमंतन के गवर्नर मुहिदिन ने कहा, “अधिकांश जीवित बचे लोगों ने कहा कि वे जल्द से जल्द घर लौटना चाहते हैं।”
अधिकारियों ने पहचान संबंधी दस्तावेज खो चुके लोगों को विमान टिकट खरीदने के लिए जरूरी पुलिस प्रमाणपत्र हासिल करने में भी मदद की है। बंजारमासिन में 15 जीवित बचे लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें छह उलिन क्षेत्रीय सामान्य अस्पताल, सात भायंगकारा अस्पताल और दो सुल्तान सुरियांस्याह अस्पताल में भर्ती हैं। स्वस्थ 59 अन्य यात्रियों को प्रांतीय सरकार द्वारा उपलब्ध कराये गये अस्थायी आवास में रखा गया है।
लापता यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की तलाश के लिए बासार्नास और इंडोनेशिया की अन्य एजेंसियों का खोज एवं बचाव अभियान जारी है।
