वाशिंगटन, 14 सितंबर (वार्ता) ईरान और यूक्रेन में जारी युद्धों के बीच अमेरिकी सेना के भारी हथियारों के भंडार में तेजी से कमी आ रही है।
उद्योग और सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, हथियारों के प्रकार के आधार पर अमेरिका को अपने हथियार भंडार को ईरान युद्ध से पहले के स्तर तक पहुंचाने में करीब एक से पांच वर्ष लग सकते हैं।
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) ने हालांकि अमेरिका में गोला-बारूद की कमी से जुड़े “सभी दावों को गलत” बताया है।
सीबीएस न्यूज के अनुसार, लॉकहीड मार्टिन के मिसाइल प्रभाग के प्रमुख टिम काहिल ने अमेरिकी सेना के मौजूदा मिसाइल संकट को रेखांकित करते हुए नयी पैट्रियट मिसाइलों की तुलना “गोलियों” से की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मिसाइल के वारहेड के उत्पादन में करीब 40 लाख डॉलर खर्च होते हैं। लॉकहीड मार्टिन फिलहाल हर साल ऐसी 750 मिसाइलें बना रही है, जबकि ईरान के खिलाफ युद्ध में दागी गयी अनुमानित 1,500 मिसाइलों की भरपाई के लिए यह संख्या दोगुनी होनी चाहिए।
सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (सीएसआईएस) के मार्क कैन्सियन के अनुमान के अनुसार, अमेरिका ईरान संघर्ष में पैट्रियट और छह अन्य प्रमुख हथियार प्रणालियों पर करीब 25 अरब डॉलर खर्च कर चुका है। इनमें टॉमहॉक मिसाइलें, टर्मिनल हाई एल्टीट्यूड एरिया डिफेंस (थाड) इंटरसेप्टर और प्रिसीजन स्ट्राइक मिसाइल (पीआरएसएम) शामिल हैं।
श्री कैन्सियन ने कहा, “अगर वे बैलिस्टिक मिसाइल दागते हैं तो हमें बचाव के लिए अपनी उच्च क्षमता वाली प्रणालियों में से एक का इस्तेमाल करना पड़ता है। यूक्रेन युद्ध ने हमें जगा दिया। यह स्पष्ट हो गया कि हमारे पास लंबे समय तक चलने वाले युद्ध के लिए पर्याप्त भंडार या उत्पादन क्षमता बढ़ाने की क्षमता नहीं थी।”
संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन के अनुसार, आठ अप्रैल तक ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिकी बल 13,000 से अधिक लक्ष्यों पर हमला कर चुके थे।
श्री कैन्सियन ने कहा, “इससे हथियारों के भंडार में काफी कमी आयी है।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका के पास ईरान के साथ युद्ध जारी रखने के लिए पर्याप्त हथियार हैं, तो उन्होंने कहा, “ईरान के खिलाफ युद्ध के लिए जवाब हां है। समस्या चीन के खिलाफ युद्ध है। हम एक महीने के लिए पर्याप्त गोला-बारूद उपलब्ध करा सकते हैं, लेकिन दूसरे, तीसरे या चौथे महीने तक पहुंचना बड़ी चुनौती होगी।”
पेंटागन हालांकि लगातार कहता रहा है कि अमेरिकी हथियारों की कमी से जुड़े “सभी दावे गलत हैं”। उसने चेतावनी दी है कि ऐसी खबरें अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाने के लिए विरोधियों को प्रोत्साहित कर सकती हैं।
पेंटागन के दावों के बावजूद रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ हथियार निर्माताओं से लगातार “युद्ध स्तर” पर उत्पादन बढ़ाने का आह्वान करते रहे हैं। उन्होंने कहा, “बस तेजी से आगे बढ़ना है, समस्याओं का पता लगाना है और उन्हें दूर करना है।”
लॉकहीड मार्टिन ने शिफ्ट बढ़ाकर और अधिक स्वचालन शुरू करके पैट्रियट मिसाइलों का वार्षिक उत्पादन 750 से बढ़ाकर 2,000 करने की योजना बनायी है।
श्री काहिल ने कहा, “जब हम इस कारखाने को पूरी तरह स्वचालित करेंगे तो घंटे मिनटों में बदल जाएंगे और उत्पादन दर बढ़ेगी।”
