नयी दिल्ली 14 सितंबर (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास, सुशासन, जनकल्याण और पारदर्शी प्रशासन के प्रति जनता के विश्वास की मजबूत अभिव्यक्ति करार दिया है।
श्री सिंह ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि राजस्थान नगरपालिका चुनावों में भाजपा को मिले मजबूत जनसमर्थन ने एक बार फिर साबित किया है कि विकास और सुशासन भारतीय जनता पार्टी के पर्याय हैं। उन्होंने कहा, ” राजस्थान नगरपालिका चुनावों में भाजपा की सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास, सुशासन, जनकल्याण और पारदर्शी प्रशासन के प्रति जनता के विश्वास की मजबूत अभिव्यक्ति है। राजस्थान की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि राज्य ‘विकसित राजस्थान’ के लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ता रहेगा। इस जीत के लिए राजस्थान की जनता का आभार और पार्टी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई।”
